“बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी, तो माई-बहिन मान योजना सहित कई योजनाएं होंगी लागू” — तेजस्वी
पटना:बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य की डबल इंजन सरकार को निक्कमी और भ्रष्ट बताते हुए संविदाकर्मियों व जीविका दीदियों के हक में कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण ये वर्ग शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण झेल रहे हैं।
तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि यदि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो जीविका दीदियों और संविदाकर्मियों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाने वाली योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने इस मौके पर “माई-बहिन मान योजना” समेत कई योजनाओं की घोषणा की।
प्रमुख घोषणाएं:
- जीविका CMs (Community Mobilizers) को स्थायी किया जाएगा, और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा देते हुए ₹30,000 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
- जीविका समूह की दीदियों द्वारा लिए गए लोन के ब्याज को माफ किया जाएगा।
- दो वर्षों तक जीविका दीदियों को ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा।
- सरकारी कार्यों में सहयोग देने के लिए ₹2,000 मासिक भत्ता दिया जाएगा।
- जीविका कैडर का ₹5 लाख तक बीमा कराया जाएगा।
- CLF, VO, समूह के अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष को भी मानदेय दिया जाएगा।
- “माई-बहिन मान योजना” के तहत महिलाओं को ₹2,500 मासिक, ₹30,000 सालाना, और 5 वर्षों में ₹1.5 लाख की सहायता दी जाएगी।
- BETI योजना और MAA योजना के तहत बेटियों के जन्म से उनकी कमाई तक और माताओं को मकान, अन्न और आमदनी की गारंटी दी जाएगी।
संविदाकर्मियों के लिए बड़ा ऐलान:
तेजस्वी यादव ने संविदाकर्मियों को एक झटके में स्थायी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेल्ट्रोन जैसी एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत सभी कर्मचारियों को परमानेंट किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि संविदा कर्मियों के वेतन से 18% जीएसटी काटा जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है, और इसे बंद किया जाएगा।
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट अधिकारी संविदा बहाली के नाम पर कमीशन खा रहे हैं, और निजी कंपनियों से बहाली करवा कर शोषण को बढ़ावा दे रहे हैं।
मंच पर मौजूद रहे कई वरिष्ठ नेता:
इस संवाददाता सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संजय यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. नवल किशोर यादव, पूर्व विधायक डॉ. अनवर आलम, एजाज अहमद, सारिका पासवान, मधु मंजरी और प्रदेश महासचिव मुकुंद सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
NEWSANP के लिए पटना से शाहनवाज़ की रिपोर्ट

