अस्पताल प्रबंधन ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
धनबाद( DHANBAD): धनबाद के असर्फी अस्पताल में मानवता को झकझोर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां जन्म के बाद से ही जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही एक नवजात बच्ची को उसके परिजन अस्पताल में छोड़कर चले गए हैं। बच्ची फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नवजात के परिजनों ने लिखित रूप में यह कहते हुए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि वे आगे उसका इलाज कराने में असमर्थ हैं। परिजनों ने यह भी उल्लेख किया कि बच्ची के साथ यदि कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनकी ही होगी। इसके बाद से न तो परिजन अस्पताल आ रहे हैं और न ही बच्ची की कोई सुध ले रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बच्ची का जन्म 9 जनवरी 2026 को हुआ था। अस्पताल प्रबंधन ने बेहतर इलाज के लिए उसे किसी अन्य सक्षम अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने इससे भी साफ इनकार कर दिया। 16 जनवरी को परिजन अस्पताल छोड़कर चले गए और इसके बाद से उन्होंने बच्ची को देखने तक नहीं आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) और धनबाद पुलिस को इसकी सूचना दी है। साथ ही नवजात के बेहतर इलाज के लिए उसे किसी अन्य सक्षम अस्पताल में स्थानांतरित करने का अनुरोध भी किया गया है।
इधर, इस मामले को लेकर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पूर्व चेयरमैन उत्तम मुखर्जी ने मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर नवजात बच्ची के इलाज के लिए सहयोग की अपील की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

