विवादों में रिम्स डॉक्टरों के प्रोमोशन का मामला, पहले मंत्री इरफान अंसारी ने दी स्वीकृति, अब निदेशक के फैसले पर उठाया सवाल…

विवादों में रिम्स डॉक्टरों के प्रोमोशन का मामला, पहले मंत्री इरफान अंसारी ने दी स्वीकृति, अब निदेशक के फैसले पर उठाया सवाल…

रांची(RANCHI): रिम्स में 81 डॉक्टरों की प्रोन्नति का मामला विवादों में घिर गया है. रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने दूसरी बार काम संभालते ही डॉक्टरों की प्रोन्नति की फाइल निपटा दी. मंगलवार की देर शाम डॉक्टरों की प्रोन्नति से संबंधित रिजल्ट भी प्रकाशित कर दिया गया. इधर, स्वास्थ्य मंत्री और रिम्स शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ इरफान अंसारी ने निदेशक के फैसले पर आपत्ति जतायी है. उन्होंने निदेशक के फैसले को एकतरफा बताया है.

15 अप्रैल को प्रोन्नति से संबंधित फाइल को मंत्री इरफान अंसारी ने दी सहमति
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने खुद प्रोन्नति से संबंधित फाइल पर 15 अप्रैल को ही सहमति दे दी थी. इसके बाद 21 अप्रैल को रिजल्ट निकालने का आदेश दिया था. रिम्स के डीन ने चार मार्च को पत्र निकाल कर सूचित किया था कि साक्षात्कार के बाद डॉक्टरों की प्रोन्नति से संबंधित परीक्षाफल तैयार कर लिया गया है. पत्र में बताया गया कि 18-19 नवंबर को साक्षात्कार संपन्न हुआ था.

प्रोन्नति की फाइल को भेजा गया विभागीय मंत्री को
प्रोन्नति की इस फाइल को विभागीय मंत्री और शासी परिषद के अध्यक्ष की स्वीकृति के लिए भेजा गया. डीन द्वारा भेजे गये प्रस्ताव पर निदेशक ने चार अप्रैल को और विभागीय सचिव ने पांच अप्रैल को अपनी स्वीकृति देते हुए फाइल स्वास्थ्य मंत्री को भेज दी. इसके बाद उन्होंने रिजल्ट निकालने का आदेश दिया.

फाइल पर हां, शासी परिषद की बैठक में विरोध
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के पास प्रोन्नति से संबंधित आदेश की फाइल शासी परिषद की बैठक की प्रत्याशा में रिजल्ट प्रकाशन के लिए भेजा गया था. मंत्री ने फाइल में इसकी स्वीकृति दे दी, लेकिन 15 अप्रैल को शासी परिषद की बैठक में मंत्री और विभागीय सचिव के बीच शासी परिषद में लाये गये कुछ प्रस्तावों पर असहमति जतायी गयी. इसमें डॉक्टरों की प्रोन्नति और कैबिनेट से स्वीकृत एमआरआइ मशीन की खरीदारी पर निर्णय नहीं लेने के साथ ही मेडाल और हेल्थ मैप के लंबित भुगतान पर रिम्स निदेशक से स्पष्टीकरण मांगा गया. इस मुद्दे पर बहस भी हुई थी. शासी परिषद की बैठक में डॉक्टरों की प्रोन्नति पर कोई निर्णय नहीं हो सका था. मंत्री और विभागीय सचिव ने प्रोन्नति को नये सिरे जारी करने की बात कही थी.

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *