धनबाद(DHANBAD): शहर के पुराना बाजार में प्रस्तावित यातायात पुलिस चौकी का उद्घाटन के कार्यक्रम के पहले विवाद की भेंट चढ़ गया। जाम की समस्या और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुराना बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स की मांग पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुराना बाजार टोटो स्टैंड के पास पुलिस चौकी का उद्घाटन होना था।लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के पहले धनबाद जिला चैंबर के महासचिव अजय नारायण लाल अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई व्यापारी भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं, पुराना बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सोहराब खान और महासचिव अजय नारायण लाल आमने-सामने आ गए।एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। मौके पर माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल की तैनाती कर दोनों पक्षों को शांत कराया। हंगामे के चलते यातायात पुलिस चौकी का उद्घाटन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
जिला चैम्बर के महासचिव अजय नारायण लाल का कहना है कि यही एक जगह है,जहां कई तरह के कार्यक्रम का आयोजन होता है।भोक्ता पर्व स्वतंत्रता दिवस जैसे कार्यक्रम के आयोजन के लिए यह एक मात्र जगह है। लोगों को गुमराह कर पुलिस चौकी यहां बनवाई गई है।
वहीं पुराना बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सोहराब अली का कहना है कि व्यवसायियों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पोस्ट बनवाया है।सिटी एसपी के द्वारा यह आदेश जारी हुआ है।जो पुलिस पोस्ट का विरोध कर रहें हैं,वह दुकानदार है ही नहीं।उन्हें यहां की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

