विराट ने इंस्टा पर पोस्ट कर दे दी बड़ी जानकारी…

विराट ने इंस्टा पर पोस्ट कर दे दी बड़ी जानकारी…

विराट का इंस्टा पर पोस्ट
टीम इंडिया पर असर: अनुभव का संकट

क्या बचा है विराट के बल्ले में?

दिल्ली(DELHI) : भारतीय क्रिकेट को एक हफ्ते के भीतर दूसरा बड़ा झटका लगा है। पहले कप्तान रोहित शर्मा और अब विराट कोहली, दोनों दिग्गजों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर दिया है। सोमवार को विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट के जरिये अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि इसकी चर्चा बीते कुछ दिनों से चल रही थी। खबरें थीं कि कोहली ने BCCI को अपने मन की बात बता दी है, लेकिन बोर्ड ने इंग्लैंड सीरीज को ध्यान में रखते हुये उन्हें एक बार फिर सोचने का आग्रह किया। बावजूद इसके, विराट ने अपने फैसले पर अडिग रहते हुये टेस्ट क्रिकेट से विदाई ले ली।

विराट का इंस्टा पर पोस्ट
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में विराट ने लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार मैंने बैगी ब्लू जर्सी 14 साल पहले पहनी थी। कभी सोचा नहीं था कि ये सफर मुझे इतना कुछ सिखाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, पहचान दी और वो सबक दिए जो जिंदगीभर मेरे साथ रहेंगे। सफेद जर्सी में खेलना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है। मैं इससे दूर तो जा रहा हूं, लेकिन इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है। इस खेल, अपने साथियों और हर उस इंसान का शुक्रगुज़ार हूं, जिन्होंने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया।”अपनी बात खत्म करते हुए विराट ने सिर्फ एक शब्द लिखा — “269. Signing off.” यही उनका टेस्ट कैप नंबर था।

टीम इंडिया पर असर: अनुभव का संकट

इस संन्यास के साथ भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत हो गया है। पिछले बुधवार यानी 7 मई को रोहित शर्मा ने भी टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। ऐसे में एक ही सप्ताह के भीतर टीम इंडिया दो ऐसे स्तंभों से वंचित हो गई है, जिनकी कप्तानी और बल्लेबाज़ी ने देश को गौरव दिलाया। अब भारतीय टीम अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की कठिन टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है, जहां कप्तानी का दारोमदार युवा कंधों पर होगा।

क्या बचा है विराट के बल्ले में?
विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में नज़र आयेंगे। T20 क्रिकेट से वे पहले ही संन्यास ले चुके हैं, और अब टेस्ट से भी अलविदा कहने के बाद उनके करियर का फोकस वनडे फॉर्मेट पर होगा।

NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *