
धनबाद(DHANBAD):आज दिनांक 14 अगस्त 2025 को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के अवसर पर धनबाद रेलवे स्टेशन के पोर्टिको परिसर में देश के विभाजन से जुड़ी त्रासदी को दर्शाने वाली एक विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बालेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र डॉ० के. एम. सिंह, एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मी सतेन्द्र शर्मा तथा शंकर ठाकुर का स्वागत मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र द्वारा किया गया। तत्पश्चात सतेन्द्र शर्मा द्वारा चित्र प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक मिश्र ने उपस्थित जनसमूह, डॉ० के. एम. सिंह, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों, मंडल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश के विभाजन के समय उत्पन्न हुई पीड़ादायक स्थितियों की चर्चा करते हुए, इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का आह्वान किया।
चित्र प्रदर्शनी में विभाजन की विभीषिका को दर्शाने वाले दुर्लभ और ऐतिहासिक चित्रों का संग्रह प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने गहन भावनाओं के साथ अवलोकित किया।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति पर आधारित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

