विधायक राज सिन्हा ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने की अपील…

विधायक राज सिन्हा ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने की अपील…

धनबाद(DHANBAD):देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया चौक के पास मंगलवार की सुबह कांवड़ियों से भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कई श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना पर धनबाद के विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस प्रकार की भीषण दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। श्रद्धालुओं की असमय मृत्यु की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “यह एक अत्यंत दुखद क्षण है। मैं बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे इस दुःख की घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों को धैर्य और साहस प्रदान करें।”

उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से यह अपील की कि घायलों के समुचित इलाज की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और मृतकों के परिजनों को हर संभव आर्थिक एवं मानवीय सहायता शीघ्रता से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में प्रशासन को त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

राज सिन्हा ने यह भी कहा कि इस दुर्घटना ने हम सभी को गहरे दुःख में डाल दिया है और यह समय एकजुट होकर पीड़ितों की मदद करने का है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे राहत और बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *