BCCL क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा, मजदूरी, रोजगार और उद्योग स्थापना को लेकर उठाए कई अहम सवाल
रांची(RANCHI): झारखंड विधानसभा में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने मंगलवार को श्रम और उद्योग से जुड़े गंभीर मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान राज्य के श्रमिकों, युवाओं और औद्योगिक विकास की ओर आकृष्ट कराया।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। बड़े उद्योग अपेक्षित गति से स्थापित नहीं हो रहे, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है और युवा अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
सदन में उन्होंने बताया कि राज्य के खनन और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा, उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा (ईएसआई, पीएफ) और बेहतर कार्य परिस्थितियों जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। विशेष रूप से धनबाद के झरिया और कोलियरी क्षेत्रों में भूमिगत आग, भूमि धंसान और प्रदूषण की समस्या लंबे समय से जारी है।
रागिनी सिंह ने BCCL क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकांश खदानों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कोयला उत्पादन कराया जा रहा है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और असंगठित मजदूरों को नियमानुसार भुगतान न मिलने की वजह से दुर्घटनाएं और आर्थिक कठिनाइयां बढ़ रही हैं। पीएफ की राशि समय पर न पहुंचना, 12 घंटे की लंबी ड्यूटी और श्रम कानूनों का उल्लंघन मुख्य चिंता का विषय हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बीसीसीएल का एक क्षेत्रीय अस्पताल स्थानीय श्रमिकों के लिए लगभग बंद है। सरकार से आग्रह किया कि इसे शीघ्र चालू कराया जाए ताकि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और कौशल विकास तथा प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट
