रांची(RANCHI): विधानसभा चुनाव 2024 से पहले प्री पोल ड्यूटी के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड को 100 कंपनी अर्द्धसैनिक बल मिल गया है. इनमें सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, बीएसएफ, एसएसबी और आइटीबीपी शामिल हैं. इन बलों को राज्य के सभी 24 जिलों में तैनात किया जायेगा.
एक जिले में 3 से 5 कंपनी सेंट्रल फोर्सेज की होगी तैनाती
तीन से पांच कंपनी अर्द्धसैनिक बल एक-एक जिला को मिल सकेगा. इन बलों को फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन, चेकिंग आदि के कार्यों में लगाया जायेगा, ताकि आमजनों में यह विश्वास जगे कि चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी.
590 कंपनी अर्धसैनिक बल की झारखंड ने की है मांग
झारखंड में 13 नवंबर व 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा. 23 नवंबर को मतगणना होगी. इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस ने चुनाव आयोग से 590 कंपनी अर्द्धसैनिक बल की मांग की है. अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है कि कितना अर्द्धसैनिक बल झारखंड को मिलेगा. उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 4 फेज में हुए थे. विधानसभा चुनाव 2024 के दौरान झारखंड को 230 कंपनी अर्द्धसैनिक बल मिले थे.
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

