झारखंड(JHARKHAND): झारखंड में वित्त विभाग में लेखा सहायक के मूल कोटि पद पर सीधी नियुक्ति की जायेगी. यह नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर की जायेगी. लेखा सहायक के 384 पदों के लिए न्यूनतम योग्यता इंटर स्तर तथा कंप्यूटर ज्ञान आवश्यक है. हिंदी टंकक 25 शब्द प्रति मिनट व अंग्रेजी टंकक 30 शब्द प्रति मिनट आवश्यक है. अशुद्धि अधिकतम दो प्रतिशत तक मान्य होगी. नियुक्ति के लिए न्यूनतम उम्र सीमा 18 वर्ष होगी. उम्र सीमा की गणना अधियाचना वर्ष की पहली अगस्त होगी. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड वित्त अवर लेखा सेवा भर्ती, प्रोन्नति व अन्य सेवा शर्त नियमावली पर अपनी मंजूरी दे दी है.
राज्यपाल की मंजूरी के बाद वित्त विभाग ने इसका गजट प्रकाशन भी कर दिया है. इसके अनुसार, वित्त विभाग में वरीय लेखा सहायक तथा लेखा अधीक्षक के पद प्रोन्नति से भरे जायेंगे. वरीय लेखा. सहायक का कार्य बल 217 व लेखा अधीक्षक का कार्य बल 70 होगा. नियुक्ति के बाद तीन माह का संस्थागत प्रशिक्षण, छह माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा एक माह का अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य होगा. प्रोन्नति के लिए विभागीय समिति का गठन होगा.
इस समिति के अध्यक्ष वित्त विभाग के अपर सचिव/संयुक्त सचिव होंगे. वहीं, सदस्य के रूप में संयुक्त निदेशक/पेंशन एवं लेखा निदेशालय, कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग से मनोनीत एसटी/ एससी के (उप सचिव स्तर के), कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के प्रतिनिधि तथा मुख्यालय के प्रतिनिधि रहेंगे…
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

