वासेपुर में तड़के पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 15 मोहल्लों में एक साथ छापेमारी…

वासेपुर में तड़के पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 15 मोहल्लों में एक साथ छापेमारी…

धनबाद(DHANBAD): चर्चित वासेपुर इलाके में सोमवार तड़के करीब छह बजे धनबाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान शुरू किया। इस विशेष कार्रवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हैं। करीब 20 टीमों का गठन कर वासेपुर के 15 मोहल्लों में एक साथ दबिश दी जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े शूटरों द्वारा अत्याधुनिक हथियार मंगाए जाने की पुख्ता सूचना के आधार पर की जा रही है। बताया जा रहा है कि वासेपुर में AK-47 और AK-56 जैसे हथियारों की आमद और बाहर से शूटरों के पहुंचने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसी इनपुट पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश से यह विशेष अभियान शुरू किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस की भारी टुकड़ी निषाद नगर, मिल्लत कॉलोनी, कबड्डी पट्टी, नीचे बाजार, करीमगंज-मारूफगंज, कमर मखदूमी रोड, गुलजारबाग, जोनल ट्रेनिंग स्कूल क्षेत्र, शमशेर नगर, रहमतगंज सहित कई अन्य इलाकों में सघन तलाशी ले रही है। संदिग्ध घरों, ठिकानों और आवागमन के रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि प्रिंस खान गैंग के एक प्रमुख सदस्य ने हाल ही में धनबाद के एक कोयला व्यवसायी से रंगदारी की मांग की थी। बताया जाता है कि दुबई से गैंग का संचालन कर रहा प्रिंस खान चतरा, पलामू, रांची और जमशेदपुर के कारोबारियों से भी रंगदारी वसूलने में सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी और पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना है। छापेमारी में धनबाद सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी स्वयं मौजूद हैं। कुछ अपराधियों और हथियारों की बरामदगी की सूचना है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया है। छापेमारी अभियान अभी जारी है।

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *