वाराणसी(VARANASI):यूपी के वाराणसी स्थित आत्म विश्वेश्वर मंदिर में शनिवार की देर शाम हादसा हो गया। मंदिर में आरती के दौरान अचानक से जलता हुआ दीपक गिर गया, जिससे मंदिर में आग लग गई। हादसे के दौरान मंदिर के अंदर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आग से मंदिर के पुजारी समेत सात लोग बुरी तरह से झुलस गए। सभी झुलसे लोगों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना पाकर योगी सरकार के मंत्री दयाशंकर अस्प्ताल पहुंचे और सभी का हालचाल जाना।
घटना चौक थाना क्षेत्र के संकठा गली में स्थित आत्म विश्वेश्वर मंदिर की है। सावन के आखिरी दिन मंदिर में रूई से शृंगार किया गया था। शाम को आरती होनी थी, इसके लिए मंदिर में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे। बताते हैं कि आरती के दौरान जलता हुआ दीपक गिर गया। जिससे रूई के शृंगार से सजे मंदिर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते मंदिर धधक उठा। आग से मंदिर के अंदर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पुजारी समेत करीब सात लोग घायल हो गए। आनन-फानन में सभी झुलसे लोगों को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल लाया गया। यहां से सभी को महमूरगंज स्थित जेएस मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल पहुंचे मंत्री और डीएम
मंदिर में हुए हादसे में झुलसे लोगों का अस्प्ताल में इलाज चल रहा है। जिन्हें भर्ती कराया गया है उनकी बैकुंठनाथ मिश्रा, प्रिंस पांडेय, सानिध्य मिश्रा, शिवान्य मिश्रा, देव नारायण पांडेय, सत्यम पांडेय, कृष्णा रूप में पहचान की गई है। उधर घटना की सूचना पाकर योगी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर मिश्र और डीएम झुलसे लोगों का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे।
NEWSANP के लिए वाराणसी से ब्यूरो रिपोर्ट

