उत्तर प्रदेश(UTTAR PRADESH) : अकबरपुर सादात गांव की सुबह ठंडी थी, पर हवाओं में कुछ अजीब था। बिस्तर पर पड़ा अमित कश्यप उर्फ मिक्की का ठंडा जिस्म और उसके नीचे दबा हुआ जिंदा सांप… पूरा गांव थम-सा गया। लोगों ने समझा—ये तो सांप ने डंसा होगा, वो भी दस बार। पर असली जहर तो किसी और के दिल में पल रहा था… उसी के घर में। मिक्की की बीवी रविता के दिल में जगह बना चुका था उसका प्रेमी अमरदीप। वो ही अमरदीप, जो कभी मिक्की के साथ मजदूरी करता था, उसी की बीवी का चोरी-छुपे सपना बन चुका था। जब मिक्की ने इस रिश्ते को भांप लिया, तो दोनों ने मिलकर उसे मार डाला। हत्या के बाद अमरदीप ने पास के गांव से एक सपेरे से हजार रुपये में जहर खरीदा—वाइपर सांप। मिक्की की हत्या के बाद उसे उसके शव के नीचे दबा दिया, ताकि सबको लगे कि ये हादसा था, हत्या नहीं। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने प्यार की परछाइयों में छुपे खून के धब्बे उजागर कर दिये। जब रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई, तो पुलिस ने रातों रात पत्नी और उसके प्रेमी को उठाया। पूछताछ में जब बात ना बनी, तो इश्क की जबान लड़खड़ा गई और दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गांव वालों को पहले से ही रविता और अमरदीप की नजदीकियों का शक था। इसलिये मिक्की की अचानक मौत उनके गले नहीं उतरी। गांव के संदेह और पुलिस की सूझबूझ ने मिलकर इस हत्या की परतें खोल दीं। अमरदीप और रविता के इरादों में जो जहर था, वो वाइपर से कहीं ज्यादा खतरनाक निकला। इस बीच SSP विपिन ताडा ने मीडिया को बताया कि “पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। दोनों को हिरासत में लिया गया है। सादात गांव मेरठ के बहसूमा में है।
NEWSANP के लिए उत्तर प्रदेश से ब्यूरो रिपोर्ट

