धनबाद (निरसा): धनबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह के नेतृत्व में सोमवार देर शाम चिरकुंडा के रानी सती मंदिर के पास एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में चिरकुंडा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुरली तुरी के पुत्र शांतनु कुमार के नेतृत्व में दर्जनों युवकों ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस में शामिल हुए सभी युवकों का अनुपमा सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर पार्टी में स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए अनुपमा सिंह ने कहा कि उन्हें चिरकुंडा नगर क्षेत्र का ऑब्जर्वर बनाया गया है और निश्चित रूप से कांग्रेस इस क्षेत्र में मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि उनके स्वर्गीय ससुर राजेंद्र प्रसाद ने इस क्षेत्र के लिए बहुत काम किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से युवा इस क्षेत्र से पलायन करने को मजबूर हैं क्योंकि सभी सेक्टरों का निजीकरण किया जा रहा है, जिसके कारण बेरोजगारी बढ़ रही है।
अनुपमा सिंह ने आगे कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार है और उनकी सरकार रोजगार के प्रति काफी गंभीर है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चिरकुंडा क्षेत्र के दर्जनों युवकों द्वारा कांग्रेस पर आस्था जताते हुए पार्टी का दामन थामने से कांग्रेस अपने पुराने दिनों में वापस आएगी और चिरकुंडा क्षेत्र फिर से कांग्रेसमय होगा।
NEWSANP के लिए निरसा से संतोष की रिपोर्ट

