पटना(PATNA): राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके हैलोवीन मनाने का वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।
दरअसल, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स (पहले ट्विटर) पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें लालू यादव अपने पोते-पोतियों के साथ हैलोवीन मनाते दिखे। बच्चों ने पारंपरिक हैलोवीन वेशभूषा पहन रखी थी। रोहिणी ने कैप्शन में लिखा –“हैप्पी हैलोवीन टू एवरीवन।”
वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी किसान मोर्चा ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए पोस्ट किया,
“बिहार के लोगों, याद रखो यही लालू यादव हैं जिन्होंने महाकुंभ जैसे आस्था के पर्व को बेकार बताया था, और अब विदेशी त्योहार हैलोवीन मना रहे हैं। जो आस्था का अपमान करेगा, उसे जनता सबक सिखाएगी।”
गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में लालू यादव ने महाकुंभ को ‘फालतू’ कहा था, जिसके बाद बीजेपी ने उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगाया था।
अब यह विवाद ऐसे वक्त में सामने आया है जब बिहार विधानसभा चुनाव अपने आखिरी चरण में हैं।
पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

