धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव के तहत 23 फरवरी 2026 को मतदान संपन्न होने के उपरांत मतदान पेटियों को जमा करने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक, बाबुडीह, में रिसीविंग सेंटर बनाया गया है। मतदान समाप्ति के बाद शाम 05:00 बजे से बड़ी संख्या में मतदान कार्य में लगे वाहनों का आगमन उक्त केंद्र पर होगा।
मतदान पदाधिकारियों के राजकीय पॉलिटेक्निक तक सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने अस्थायी यातायात परिवर्तन किए हैं।
इसके अनुसार 23 फरवरी 2026 को संध्या 5 बजे से बिनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबाँध चौक तक मतदान कार्य में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन व परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
मतदान पेटी जमा करने वाले सभी वाहनों का राजकीय पॉलिटेक्निक के लिए प्रवेश बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से तथा निकास बेकारबाँध की ओर से निर्धारित किया गया है।
मतदान पत्र रिसीविंग पार्टी से जुड़े कर्मियों के वाहनों का पड़ाव केवल राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान (निर्धारित पार्किंग स्थल) में ही किया जाएगा। सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
वहीं बेकारबाँध से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच जिनका आवास अथवा प्रतिष्ठान है, उन्हें विशेष परिस्थिति में बेकारबाँध की ओर से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसी प्रकार बिनोद बिहारी महतो चौक से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच जिनका आवास/प्रतिष्ठान है, उन्हें बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से प्रवेश की अनुमति रहेगी।
उपरोक्त यातायात व्यवस्था 23 फरवरी 2026 को शाम 05:00 बजे से मतदान पेटी जमा करने से संबंधित कार्य की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा चुनाव कार्य में सहयोग प्रदान करें।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

