झरिया(JHARIA): राष्ट्रीय गणित दिवस एवं महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा एक दिन पूर्व फास्ट कैलकुलेशन चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद (झरिया) में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनकी त्वरित गणना क्षमता, तार्किक सोच एवं एकाग्रता को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में कुल 34 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीमित समय में गणितीय प्रश्नों का समाधान किया।
प्रतियोगिता में डोयल दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लव पटेल द्वितीय एवं पवित्रा अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंच की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
मौके पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, सचिव दीपक अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक रौनक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा सहित मयंक केजरीवाल एवं हितेन शर्मा उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने भविष्य में भी शिक्षा एवं प्रतिभा संवर्धन से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

