राष्ट्रपति मुर्मु आज मणिपुर में नुपी लाल दिवस पर महिला योद्धाओं को करेंगी सम्मानित…

राष्ट्रपति मुर्मु आज मणिपुर में नुपी लाल दिवस पर महिला योद्धाओं को करेंगी सम्मानित…

मणिपुर(MANIPUR): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय दौरे पर मणिपुर में हैं और आज शुक्रवार को 86वें नुपी लाल दिवस समारोह के हिस्से के रूप में राज्य की बहादुर महिला योद्धाओं को श्रद्धांजलि देंगी। राष्ट्रपति इंफाल में नुपी लाल मेमोरियल कॉम्प्लेक्स का दौरा करेंगी, जहां वह उन महिलाओं को सम्मानित करेंगी, जिन्होंने 1904 और 1939 में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ ऐतिहासिक प्रतिरोध आंदोलनों का नेतृत्व किया था।

इन आंदोलनों को सामूहिक रूप से ‘नुपी लाल’ के नाम से जाना जाता है और ये मणिपुर की महिलाओं के नेतृत्व, साहस और सामूहिक संघर्ष के शक्तिशाली प्रतीक बने हुए हैं।

इंफाल में श्रद्धांजलि समारोह के बाद, राष्ट्रपति मुर्मु सेनापति जिले की यात्रा करेंगी, जो एक महत्वपूर्ण नागा-बहुल क्षेत्र है, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करने वाली हैं। इस कार्यक्रम के दौरान, वह कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगी और जिले के बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को मजबूत करने के उद्देश्य से कई कार्यों का उद्घाटन करेंगी।

इस दौरे से पहले बुधवार से ही इंफाल में तैयारियां चल रही हैं। बीर टिकेंद्रजीत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से नुपी लाल मेमोरियल कॉम्प्लेक्स तक लगभग 7 किलोमीटर के रास्ते के दोनों किनारों की मरम्मत की गई है, उन्हें फिर से रंगा गया है और झंडों, बैनरों और अन्य सामग्रियों से सजाया गया है। राष्ट्रपति के काफिले का स्वागत करने के लिए रास्ते में बड़े-बड़े स्वागत होर्डिंग भी लगाए गए हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा पिछले तीन महीनों में मणिपुर का दूसरा बड़ा उच्च-स्तरीय दौरा है। राष्ट्रपति ने कल गुरुवार शाम इम्फाल के सिटी कन्वेंशन सेंटर में मणिपुर सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया।

अपने संबोधित में राष्ट्रपति ने कहा कि मणिपुर लचीलेपन, साहस और असाधारण सांस्कृतिक समृद्धि की भूमि है। पीढ़ियों से, यहां के लोगों ने खेल, सशस्त्र बलों, कला और संस्कृति तथा सार्वजनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अमूल्य योगदान देकर राष्ट्र को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि वे मणिपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण हिंसा के बाद जनता द्वारा झेले गए दर्द से अवगत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मणिपुर की जनता की चिंताओं का ध्यान रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सद्भाव को मजबूत करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिरता एवं समृद्धि की राह पर मणिपुर का समर्थन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार राज्य भर में समान विकास को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि विकास और प्रगति के लाभ राज्य के प्रत्‍येक कोने तक पहुंचें।

राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि मणिपुर दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ भारत के जीवंत सम्बंधों का प्रवेश द्वार है। यहां की युवा पीढ़ी, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता इसे असीमित संभावनाओं वाला राज्य बनाती है। सशक्त महिलाएं मणिपुर की पहचान है। 20वीं शताब्दी के आरंभिक दशकों में मणिपुर की बहादुर महिलाओं द्वारा दो बार ऐतिहासिक नुपी लाल या महिला युद्ध लड़े गए। उन्‍होंने अपनी उचित मांगों को स्वीकार करने के लिए औपनिवेशिक और सामंती शक्तियों को बाध्य करने में सफलता प्राप्‍त की। वे प्रत्‍येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मणिपुर के लोग प्रतिभाशाली और मेहनती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के लोग नए सिरे से सद्भाव बनाए रखेंगे और राज्य को समृद्धि और सुख की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *