रांची(RANCHI): रांचीः राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मू झारखंड दौरे पर रांची पहुंची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। उनकी सुरक्षा के लिए रांची-जमशेदपुर मार्ग पर छह आईपीएस समेत पांच कंपनी फोर्स की तैनाती की गई है। रास्ते में जैप, रैप, आईआरबी, जगुआर और सीआरपीएफ की पांच कंपनियां समेत जिला पुलिस बल तैनात की गई है। वहीं एयरपोर्ट से राजभवन तक फोर्स की तैनाती हुई है। राजधानी में उनकी सुरक्षा के लिए 15 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर और 100 से अधिक दरोगा की तैनाती की गई है। सूत्रों की मानें, तो राष्ट्रपति का रांची एयरपोर्ट से हवाई मार्ग से ही जमशेदपुर जाने की संभावना है, लेकिन एहतियात के तौर पर सड़क मार्ग पर भी सुरक्षा के बंदोबस्त किये गये हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा में सेना के जवान भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच के खुफिया सुरक्षा बल की भी तैनाती की गई है। नो फ्लाइंग जोन को छोड़ रूट लाइन में ड्रोन कैमरा से भी निगरानी रखी जायेगी।
राष्ट्रपति जमशेदपुर में कदमा मरीन ड्राइव जायेंगी। यहां 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 90 फीट उंचे जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन में शामिल होंगी और लोगों को संबोधित करेंगी। दोपहर लगभग ढ़ाई बते राष्ट्रपति बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में भाग लेंगी। वहां विद्यार्थियों से मिलेंगी और पौधारोपण करेंगी। राष्ट्रपति जमशेदपुर में लगभग तीन घंटे 50 मिनट तक रहने के बाद दोपहर 3.20 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से 3.50 मिनट पर रांची एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी और फिर दिल्ली रवाना होंगी।
इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान, सांसद जोबा मांझी, सांसद विद्युतवरण महतो, विधायक सरयू राय और पूर्णिमा साहू सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

