राधा नगर के प्राचीन काली मंदिर में माघी काली पूजा, श्रद्धा से उमड़ा जनसैलाब…

राधा नगर के प्राचीन काली मंदिर में माघी काली पूजा, श्रद्धा से उमड़ा जनसैलाब…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा नगर स्थित करीब 100 वर्ष पुराने काली मंदिर में परंपरागत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ माघी काली पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और दूर–दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

माघी काली पूजा के अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन शारदा सिंह एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष शेखर सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर में विधिवत पूजा–अर्चना कर माता काली से क्षेत्र की सुख–समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के उपरांत आयोजन समिति की ओर से आए हुए अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

बताया जाता है कि राधा नगर का यह काली मंदिर लगभग एक सदी पुराना है और इसकी मान्यता दूर–दूर तक फैली हुई है। माघी काली पूजा के दौरान यहां मेले का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों के साथ–साथ अन्य क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मेले में पूजा–पाठ के साथ-साथ स्थानीय दुकानों, झूलों और प्रसाद की दुकानों से रौनक बनी रही।

मीडिया से बातचीत के दौरान जिला परिषद चेयरमैन शारदा सिंह ने कहा कि यह मंदिर लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है। यहां झारखंड ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु आते हैं और माता काली से अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। उन्होंने कहा, “मां काली अपने भक्तों की सच्चे मन से की गई प्रार्थनाओं को अवश्य पूर्ण करती हैं। माघी काली पूजा के समय पूरा राधा नगर और आसपास का इलाका भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग जाता है।”

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पूजा और मेले का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। देर शाम तक भजन–कीर्तन और पूजा–अर्चना का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।

माघी काली पूजा के सफल आयोजन से राधा नगर सहित आसपास के इलाकों में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता की मिसाल देखने को मिली।

इस दौरान उनके आवास प्रसाद ग्रहण करने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो जी, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी जी, धनबाद विधायक राज सिन्हा जी, विधायक अरूप चटर्जी जी, झरिया विधायक रागिनी सिंह जी, पूर्व विधायक संजीव सिंह जी, बाघमारा पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो जी, धनबाद महानगर भाजपा अध्यक्ष श्रवण राय जी, ग्रामीण अध्यक्ष मोहन चंद्र कुम्हार जी, पूर्व महापौर चंद्र शेखर अवग्राल जी, अमरेश सिंह जी, शांतनु चंद्रा जी, धर्मजित सिंह जी, श्वेता किन्नर जी, रमा सिन्हा जी, जिप उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष रवानी जी, जिला परिषद सदस्य उषा देवी जी, विकास महतो जी, जिप सदस्य प्रतिनिधि जितेश रजवार जी, दिलीप महतो जी, लंबोदर महतो जी, श्री दीपक रवानी जी, जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवीगण, स्थानीय मुखियागण सहित कई उच्च पदस्थ पदाधिकारीगण पहुंचे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *