राणा से पूछताछ जारी, वैश्विक आतंकी साजिद मीर और हेडली से करीबी ‘कुबूली’…

राणा से पूछताछ जारी, वैश्विक आतंकी साजिद मीर और हेडली से करीबी ‘कुबूली’…

नयी दिल्ली(NEW DELHI): मुंबई आतंकी हमले के अभियुक्त तहव्वुर राणा से राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी पूछताछ की। बताया जाता है कि राणा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका लगातार संपर्क वैश्विक आतंकी साजिद मीर से था, जो कि 26/11 हमलों का मुख्य षड्यंत्रकारी (मास्टरमाइंड) माना जाता है। मीर पर मुंबई के चबाड हाउस की घेराबंदी करने का निर्देश देने का आरोप है, जहां 6 बंधकों की हत्या कर दी गयी थी। अमेरिका ने मीर की जानकारी देने वाले को 43 करोड़ रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

डीआईजी जया रॉय मुख्य जांच अधिकारी

सूत्रों ने बताया कि राणा ज्यादातर सवालों के जवाब में यही कह रहा है कि उसे कुछ याद नहीं हालांकि उसने एक और षड्यंत्रकारी डेविड कोलमैन हेडली से अपनी दोस्ती की बात मानी है। एनआईए अदालत की मदद से राणा की आवाज का सैंपल भी लेगा, ताकि उसकी और हेडली की आवाज का मिलान किया जा सके। पूछताछ करने के लिए मुख्य जांच अधिकारी झारखंड कैडर और 2011 बैच की डीआईजी जया रॉय को बनाया गया है।

पूछताछ में ‘दुबई मैन’ का नाम लिया

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में राणा ने ‘दुबई मैन’ का नाम लिया है, जो हमलों की पूरी प्लानिंग जानता था। एनआईए को शक है कि यह व्यक्ति पाकिस्तान और दुबई के बीच नेटवर्क संभालता था और हमलों की फाइनेंसिंग तथा लॉजिस्टिक सपोर्ट में अहम भूमिका निभा रहा था।

राणा सुसाइड वॉच पर, सिर्फ एक सॉफ्ट टिप पेन मिलेगा

राणा को 18 दिन की एनआईए हिरासत में दिल्ली में एनआईए मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर रखा गया है जबकि पूछताछ तीसरी मंजिल पर बने 14×14 फुट के विशेष कक्ष में की जा रही है। वह सुसाइड वॉच पर है उसकी 24 घंटे निगरानी की जा रही है। उसे केवल सॉफ्ट टिप पेन ही दिया गया है, जिससे वह खुद को नुकसान न पहुंचा सके। उसे एनआईए अधिकारियों की मौजूदगी में अपने वकील से एक तय दूरी से मिलने की इजाजत मिली है।

तिहाड़ जेल में रखा जायेगा

राणा को दिल्ली के तिहाड़ जेल में उच्च सुरक्षा वार्ड में रखा जायेगा। हालांकि उसे कब और किस वार्ड में रखा जायेगा, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आयी है।

NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *