राँची(RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं। नगर निगम का विशेष सफाई अभियान शहर की सड़कों और गलियों का रूप बदल रहा है। नालियों की सफाई, खुले ढक्कनों को ढकना और सड़कों की धुलाई के बीच शहर अब त्यौहार के स्वागत के लिए सजने लगा है। इन सभी तैयारियों का जायजा लेने आज यानी बुधवार को रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव खुद कई पंडाल पहुंच गये।
पंडालों में सुरक्षा का विशेष खाका
बकरी बाज़ार, आरआर सपोर्टिंग क्लब, रातू रोड और रामलला पूजा समिति जैसे बड़े पंडालों का निरीक्षण करते हुए निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने समितियों को साफ निर्देश दिया कि श्रद्धालु सुरक्षित और निश्चिंत होकर मां दुर्गा का दर्शन कर सकें, इसके लिए फायर सेफ्टी, प्रवेश और निकास की स्पष्ट व्यवस्था तथा वॉलेंटियर्स की तैनाती इस बार विशेष रूप से सुनिश्चित करें।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर सबसे अधिक ध्यान
त्यौहार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम ने पार्किंग की व्यवस्था, वाटर टैंकर और चलंत शौचालय लगाने के निर्देश दिए हैं। वॉलेंटियर्स को पहचान पत्र पहनने और श्रद्धालुओं की मदद करने का भी आदेश दिया गया है। यह सब व्यवस्था इसलिए ताकि भीड़भाड़ के बीच हर कोई सुरक्षित और सहज महसूस कर सके।
रोशनी से जगमगाएगी रांची
शहर की गलियों और पंडालों को रोशन करने के लिए निगम की 28 टीम लगातार गश्त कर खराब स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त कर रही हैं। ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष रूप से प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। रात ढलते ही पूरा शहर रोशनी से जगमगाएगा और त्योहार की रौनक दोगुनी हो जाएगी।
तालमेल बनाये रखने की अपील
नगर निगम ने पूजा समितियों से अपील की है कि वे हर स्थिति में निगम से तालमेल बनाए रखें। निगम का कंट्रोल रूम (18005701235) 24 घंटे सक्रिय रहेगा। निगम पदाधिकारी लगातार पंडालों का दौरा कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

