झारखंड(JHARKHAND): सरायकेला खरसावां जिले में बाघ देखे जाने की खबरों के बीच ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. वाइल्डलाइफ इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआइआइ) की टीम पहुंच चुकी है. वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से बाघ का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. खबर है कि चांडिल के चैनपुर और खूंटी मोडड़ के पास बाघ को देखा गया. 8 दिन बाद फिर से बाघ को देखे जाने की खबर से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है….
चैनपुर के राज कुमार और खूंटी गांव के अपूर्व सिंह ने बाघ को देखा
चैनपुर गांव के राज कुमार महतो और खूंटी गांव के अपूर्व सिंह ने बाघ को देखने का दावा किया है. राज कुमार महतो ने कहा है कि वह परिवार के साथ चौका के चौलीबासा जंगल के रास्ते कार से लौट रहे थे. तभी कार के आगे से कूदकर बाघ सड़क पार कर गया. दूसरी ओर, चौका के खूंटी गांव निवासी अपूर्व सिंह ने बताया कि वे लोग जमशेदपुर से कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरन एनएच-33 पर खूंटी मोड़ के समीप सड़क पर एक बाघ को देखा. बाघ को देखते ही उन्होंने अपने कार की स्पीड बढ़ाई और घर पहुंचे……
बाघ का पता लगाने में जुटी वन विभाग की टीम
चांडिल गोलचक्कर के पास चैनपुर गांव में मंगलवार की रात को बाघ को देखा गया. चैनपुर गांव के राज कुमार महतो ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. इसके बाद ग्रामीण रात को घर से निकलने में डर रहे हैं. खबर मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी बाघ के बारे में पता लगाने में जुट गई……
कार पर बाघ के हमले का मैसेज वायरल
सोशल मीडिया पर चैनपुर कनाल के पास पुलिया के सामने एक कार पर बाघ के हमला करने का मैसेज वायरल हो रहा है. चैनपुर में बाघ देखने के करीब डेढ़ घंटे बाद चौका के खूंटी मोड़ के पास भी बाघ को देखे जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस संबंध में वन विभाग पक्के तौर पर कुछ नहीं कह पा रहा है. वन विभाग की टीम चैनपुर के लिए रात को ही निकल गई है…..
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

