रांची के अनस ने सबको चौंका दिया…

रांची के अनस ने सबको चौंका दिया…

रांची(RANCHI): IIT कानपुर ने जैसे ही जेईई एडवांस्ड 2025 का रिजल्ट जारी किया, वैसे ही देशभर के होनहारों की मेहनत रंग लाई। लेकिन इस भीड़ में जो नाम सबसे अलग चमका, वो है रांची के मोहम्मद अनस का, जिसने ऑल इंडिया रैंक 42 हासिल कर झारखंड का मान बढ़ाया। मोहम्मद अनस की कहानी किसी उपन्यास की तरह है। रांची की गलियों से शुरू हुआ उनका सफर, कोटा की कोचिंग क्लासेस तक पहुंचा और वहां से सीधे जेईई की ऊंचाइयों तक। जेईई मेन में पहले ही ऑल इंडिया रैंक 17 लाकर अनस ने संकेत दे दिया था कि असली हीरा चमकने ही वाला है।

पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने बैडमिंटन को भी अपना साथी बनाया। जब किताबों का बोझ ज़्यादा हुआ, तो रैकेट ने उनका मन हल्का किया। विज्ञान और गणित के ओलंपियाड में भी उन्होंने कमाल दिखाया था। शायद तभी तो आज उनका नाम हर जुबां पर है। वहीं, जेईई एडवांस्ड 2025 के टॉपर बने कोटा के रजित गुप्ता। 360 में से 332 अंक लाकर उन्होंने AIR-1 हासिल किया। इंजीनियर पिता और प्रोफेसर मां के इस होनहार बेटे ने IIT Delhi Zone से बाजी मारी। नतीजा ये कि मेहनत, लगन और जुनून ये तीनों मिल जायें, तो मंज़िल दूर नहीं। मोहम्मद अनस और रजित जैसे छात्र भारत के भविष्य की नई कहानी लिख रहे हैं।

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *