यूपी(UP) : लखनऊ की सत्ता गलियारों से मंगलवार को एक साफ संदेश निकला—प्रदेश में व्यवस्था से कोई खिलवाड़ नहीं चलेगा। आगामी त्योहारों, बड़ी परीक्षाओं और वीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुये CM योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की व्यापक समीक्षा की और अधिकारियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिये। CM योगी ने साफ कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। किसी भी हाल में घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति बनने नहीं दी जायेगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की जानकारी ली और कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कहीं कोई कमी नहीं है।
आपूर्ति और वितरण सामान्य स्थिति में है। कृत्रिम संकट या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाये। खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिये गये कि अधिकारी फील्ड में उतरकर निरीक्षण करें और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नवरात्र और रामनवमी पर विशेष तैयारी
आगामी चैत्र नवरात्रि और रामनवमी को देखते हुये CM योगी ने प्रमुख शक्तिपीठों की तैयारियों की भी समीक्षा की। जहां भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जैसे, देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुंभरी देवी (सहारनपुर), मां विंध्यवासिनी धाम (मिर्जापुर), ललिता देवी (सीतापुर)। CM योगी ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के लिये सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था की जाये। CM ने कहा कि अयोध्या में 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। पुलिस फुट पेट्रोलिंग बढ़ाये। भीड़ प्रबंधन की विशेष योजना लागू की जाये। सुरक्षा और सुविधा दोनों पर बराबर ध्यान दिया जाये। CM योगी ने बताया कि 19 मार्च को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या और मथुरा दौरा प्रस्तावित है। इसलिए सभी प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिये गये। CM योगी ने कहा कि 13 मार्च को Jumu’atul-Wida (अलविदा की नमाज) के बाद 14-15 मार्च को पुलिस भर्ती परीक्षा और 20-21 मार्च को Eid al-Fitr मनाये जाने की संभावना है। इसलिये यह पूरा समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बेहद संवेदनशील रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाये, समाज-विरोधी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।
SI भर्ती परीक्षा में सख्ती
CM योगी ने उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिये ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाये, परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से कोई समझौता नहीं होगा। इंटेलिजेंस तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहे। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाये। हर परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की तैनाती अनिवार्य रहे। बैठक में मंडलायुक्त, डीएम, एडीजी (जोन), पुलिस आयुक्त, आईजी (रेंज) और एसपी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

