
पटना(PATNA) : डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पर दो EPIC नंबर होने के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोप के बाद अब उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया है। रविवार दोपहर प्रेस कांफ्रेस में विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी के सभी आरोप झूठे हैं और इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि विजय सिन्हा का नाम लखीसराय और बांकीपुर, दोनों जगह वोटर लिस्ट में है। उन्होंने इस्तीफे की भी मांग की थी। इस पर जवाब देते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि पहले उनका और उनके परिवार का नाम पटना की वोटर लिस्ट में था। अप्रैल 2024 में उन्होंने अपना नाम लखीसराय विधानसभा में जुड़वाने और पटना से हटाने के लिए आवेदन किया था। इस संबंध में उनके पास सभी प्रमाण मौजूद हैं।
विजय सिन्हा ने बताया कि किसी कारणवश उनका नाम पटना से हट नहीं पाया, जिसके बाद उन्होंने बीएलओ को फोन किया और लिखित आवेदन भी दिया। इसकी रसीद भी उनके पास है। हालांकि उनका डिलीशन फॉर्म रिजेक्ट कर दिया गया, लेकिन वह केवल लखीसराय से ही वोट करते हैं। पिछली बार भी उन्होंने वहीं से मतदान किया था और केवल लखीसराय से ही SIR फॉर्म भरा है। उन्होंने कहा कि उम्र संशोधन के लिए भी उन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया था। फिलहाल चुनाव आयोग मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया चला रहा है, जिसमें कई लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। अभी अंतिम सूची जारी नहीं हुई है और उनका नाम हटाने की प्रक्रिया में है।
विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है, जबकि विपक्ष झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने तेजस्वी पर आरोप लगाया कि वह “फ्रॉडिज्म” कर जनता को गुमराह करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति जब अपनी भाषा से राजनीति को कलंकित करता है, तो यह उसके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। राजनीति में हल्की बयानबाजी से विश्वसनीयता घटती है। उन्होंने साफ कहा कि पूरे तथ्यों की जांच होनी चाहिए और झूठे आरोपों से बचना चाहिए।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

