धनबाद(DHANBAD): मेयर और विधायक के आमंत्रण रद्द करने का मामला अब विवाद का रूप ले चुका है। झरिया के बाद मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक, धनबाद में समर्थकों ने विरोध जताते हुए धनबाद डीआरएम का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने “धनबाद डीआरएम हाय-हाय” और “धनबाद का सांसद संजीव सिंह होश में आओ” जैसे नारे लगाए। समर्थकों का कहना था कि किसी कार्यक्रम में पहले औपचारिक आमंत्रण देना, बैनर-पोस्टर में मेयर और विधायक का नाम प्रकाशित करना और फिर अचानक आमंत्रण रद्द कर नाम हटाना जनप्रतिनिधियों का खुला अपमान है।
पुतला दहन कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह के समर्थकों ने कहा कि यह घटना न केवल जनप्रतिनिधियों बल्कि धनबाद की जनता के सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस प्रकरण को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने ई-मेल के माध्यम से रेल मंत्री से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस घटना के बाद से धनबाद का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रिया सामने आने लगी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

