धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी प्रकाश महतो ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर अपना घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर नगर निगम क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की गई और उनकी समस्याओं के आधार पर यह घोषणा पत्र तैयार किया गया है।
प्रकाश महतो ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम करना है। इसके लिए होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स में कमी करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धनबाद कोल माइनिंग क्षेत्र है, इसलिए यहां प्रदूषण बड़ी समस्या है। यदि वे जीतते हैं तो प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने शहर के आर्ट और कल्चर को बढ़ावा देने, सभी तालाबों का विकास करने और उनके पानी को साफ कर मछली पालन को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही सिवरेज की समस्या दूर करने, विकास से वंचित क्षेत्रों को बेहतर बनाने और महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने इंटर स्टेट टर्मिनल को शहर में विकसित करने, महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने, वेंडिंग जोन और पार्किंग की व्यवस्था करने तथा रोड सेफ्टी ऑडिट कर डार्क स्पॉट पर रिफ्लेक्टर लगाने की भी घोषणा की।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

