धनबाद(DHANBAD): नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी इंदु देवी ने अपने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। रविवार को उन्होंने जयरामपुर मोड़, सिंदरी, वार्ड नंबर 47 तथा वार्ड नंबर 6 में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान इंदु देवी ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं की मजबूती तथा स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के संकल्प के साथ वह चुनाव मैदान में उतरी हैं।इस अभियान की खास बात यह रही कि पूरा परिवार अलग-अलग वार्डों में अपने-अपने तरीके से लोगों से संपर्क कर रहा है। परिवार के सदस्यों ने मतदाताओं को इंदु देवी की प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक समर्थन देने की अपील की।
जयरामपुर मोड़ और सिंदरी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने जनसंपर्क के दौरान अपनी समस्याएं भी प्रत्याशी के समक्ष रखीं, जिनमें सड़क, जलापूर्ति, नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था प्रमुख रहीं। इंदु देवी ने आश्वासन दिया कि जीत के बाद इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।अभियान के दौरान समर्थकों में उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत भी किया। जनसंपर्क कार्यक्रम आगे भी विभिन्न वार्डों में जारी रहने की बात कही गई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

