मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक के हमलावरों का एनकाउंटर…

मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक के हमलावरों का एनकाउंटर…

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के लोनी थाना इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला करने का एक ईनामी आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया. घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि सलीम पर जानलेवा हमला करने वाला अभियुक्त जीशान पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसपर एक लाख रुपये का इनाम था.

बाद में लोनी थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मुकेश सिंह सोलंकी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी जीशान की मौत हो गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान जीशान (निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा) के रूप में हुई है. उसने बताया कि जीशान ने ही यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर कथित तौर पर हमला किया था.

हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस के मुताबिक मौके से हमले में इस्तेमाल चाकू, एक पिस्तौल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है. पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

दो हमलावरों ने यूट्यूबर पर किया था हमला

पुलिस ने बताया था कि लोनी इलाके में हेलमेट पहने मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने 50 साल के यूट्यूबर पर चाकू से कई बार वार किए थे. यूट्यूबर अपने यूट्यूब चैनल पर एक विशेष धर्म को लेकर कथित विवादास्पद वीडियो के कारण विवादों में आए थे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया. शनिवार को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर गाजियाबाद में अली गार्डन स्थित उनके दफ्तर में सुबह की नमाज अदा करने के कुछ ही समय बाद हमला किया गया था.

जीशान का साथी फरार

पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि दो दिन पहले लोनी थाने क्षेत्र में एक व्यक्ति पर हमला किया गया था. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हमलावरों की पहचान कर ली गई थी और पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही थी. सूचना मिली कि वही हमलावर फिर से लोनी आकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की. इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया. उसने अपना नाम जीशान बताया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसका एक साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *