मुनीडीह में आउटसोर्सिंग कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट को मारी गोली…

मुनीडीह में आउटसोर्सिंग कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट को मारी गोली…

पुटकी(DHANBAD):मुनीडीह प्रोजेक्ट में संचालित इंदु कुरी कोल माइनिंग प्राइवेट कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट सी गोपाल रेड्डी (61 वर्ष) पर नकाबपोश अपराधी ने मुनीडीह काली मंदिर के पास फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी गाड़ी में सामने के शीशे को छेदते हुई फंस गई। दूसरी गोली पीछे के दरवाजे को भेदते हुए सी गोपाल रेड्डी के कुल्हे में लगी। असर्फी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर कुल्हे में फंसी गोली निकाली। कंपनी के सुरेश बाबू राव अन्मुलवार की लिखित शिकायत पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस कार चालक संजय राय से पूछताछ कर रही है।

गोपाल रेड्डी शनिवार की सुबह सवा नौ बजे मुनीडीह ऑफिसर्स कॉलोनी के काली मंदिर से पूजा कर निकल रहे थे। इसी बीच बाइक से अपराधी पहुंचा। बाइक थोड़ी दूरी पर खड़ी कर वह गोपाल की कार की तरफ लपका। कार सामने आते ही उसने फायरिंग कर दी। पहली गोली चलने के बाद कार चालक ने तेजी से गाड़ी को दायीं ओर से भगाने की कोशिश की। इसी बीच अपराधी ने दूसरी गोली चला दी, जो कार के पिछले दरवाजे को छेदते हुए रेड्डी की कमर के निचले हिस्से में लग गई। दो राउंड गोली चलाने के बाद थोड़ी दूर रखी बाइक पर बैठ कर शूटर फरार हो गया। हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने के बाद चालक गोपाल को लेकर तत्काल असर्फी अस्पताल पहुंचा। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर के सामने से एक खोखा बरामद किया। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, केंदुआडीह सर्किल इंस्पेक्टर जेपी महतो, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, मुनीडीह ओपी प्रभारी मानिता कुमारी और भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज कुमार ने घटनास्थल पहुंच कर छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के रास्ते और चौराहे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है।

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *