राँची(RANCHI): रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज गिरिडीह के DC रामनिवास यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को 20 फरवरी को गिरिडीह में आयोजित होने वाले “मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा 2026” समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सादर आमंत्रित किया। यह समारोह आदिवासी समाज की आस्था, प्रकृति पूजा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण उत्सव माना जाता है, जिसे लेकर गिरिडीह समेत पूरे संथाल परगना क्षेत्र में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुये समारोह में शामिल होने की अपनी पूर्ण सहमति प्रदान की। उन्होंने गिरिडीहवासियों के प्रति हार्दिक शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं। उनके इस निर्णय से आयोजन समिति और आदिवासी समाज में उत्साह की नई लहर दौड़ गई है।
परंपरा, प्रकृति और पहचान का महोत्सव
“मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा” केवल एक समारोह नहीं, बल्कि प्रकृति, पूर्वजों और सांस्कृतिक अस्मिता के सम्मान का उत्सव है, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक नृत्य और सामूहिक पूजा के बीच आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलती है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

