
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा समाज सेवा के अंतर्गत 15 मार्च 2026 को श्री श्याम प्रभु ट्रस्ट और इंसोनो हियरिंग सॉल्यूशन्स के सहयोग से श्री श्याम मंदिर, झरिया में निःशुल्क कान जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने कानों की जांच कराई।
शिविर में कुल 48 लोगों के कानों की जांच की गई, जिनमें से 26 लोगों के कानों की सफाई भी की गई। उपस्थित विशेषज्ञों ने लोगों को सुनने से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी दी तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
इस शिविर में इन्सोनो हियरिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विशेषज्ञ टीम उपस्थित रही, जिसमें कुंदन कुमार, अंकित सिंह, दीपु कुमार, प्रिया कुमारी एवं बेबी गोस्वामी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने लोगों को कानों की देखभाल, सुनने की समस्याओं के कारण तथा उनके उपचार के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा के साथ शिविर के संयोजक यश अग्रवाल एवं चैतन्य अग्रवाल भी उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था समाज सेवा के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करती रहती है, ताकि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

