
झरिया(JHARIA): 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा युवा मतदाता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद (झरिया) में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना तथा पहली बार मतदान करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की थीम “मेरा वोट – मेरी ज़िम्मेदारी” रही। इसके अंतर्गत युवाओं से संवाद स्थापित कर लोकतंत्र में मताधिकार की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अभिषेक कुमार सिंह विषय विशेषज्ञ एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाता है।
उन्होंने उपस्थित युवाओं को वोटर आईडी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विस्तारपूर्वक दी। साथ ही बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कैसे किया जा सकता है तथा ऑफलाइन प्रक्रिया में बीएलओ (BLO) अथवा संबंधित कार्यालय से संपर्क कर आवेदन किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान
- पहली बार मतदान पर संक्षिप्त संवाद
- वोटर आईडी बनाने की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया
जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे युवाओं में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम संयोजक गौतन अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा समाज में नागरिक चेतना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

