झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं हियरिंग एड वितरण शिविर का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथियों अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास खंडेलिया, राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के प्रतिनिधि रितेश पटवारी एंव कार्यक्रम संयोजक आशीष भुसानिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने तीन दिवसीय इस सेवा शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है तथा समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना सुदृढ़ होती है।
इस शिविर के दौरान 40 नए कृत्रिम अंगों का निर्माण, 38 पुराने कृत्रिम अंगों की मरम्मत, 27 लाभार्थियों को हियरिंग एड का वितरण तथा 18 दिव्यांगजनों को बैसाखियाँ प्रदान की गईं। ये सभी आंकड़े इस बात के स्पष्ट प्रमाण हैं कि यह सेवा प्रयास अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है।
समापन समारोह में श्याम मंदिर के अध्यक्ष रघुवीर गोयल, अग्रसेन भवन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, अरुण झुनझुनवाला, एस. एस. खंडेलवाल, गोपी किशन मंत्री, शिबू अग्रवाल, समृद्धि शाखा की अध्यक्ष जया अग्रवाल, निशा अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विनोद शर्मा, राजीव सावंतिया, गोविंद शर्मा, संदीप सांवरिया, डॉ. कृष्णा अग्रवाल, डॉ. प्रबीर गांगुली, सीमा अग्रवाल, अमित अग्रवाल एवं दीपक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शाखा के सदस्य एंव समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के पूर्व अध्यक्ष असीम अग्रवाल द्वारा किया गया। समापन समारोह के साथ ही यह तीन दिवसीय सेवा शिविर अपने उद्देश्य में पूर्णतः सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

