मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा बोर्ड विद्यार्थियों हेतु मार्गदर्शन सत्र…

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा बोर्ड विद्यार्थियों हेतु मार्गदर्शन सत्र…

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए “रेडिफाइनिंग बाउंड्रीज़ – हाउ टू स्कोर गुड मार्क्स इन बोर्ड एग्ज़ामिनेशन्स” विषय पर एक निःशुल्क एवं प्रेरक शैक्षणिक मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद, झरिया में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वर्ष 2025 की जिला टॉपर चारु अग्रवाल रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की अंतिम तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक सुझाव दिए।

चारु अग्रवाल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे बोर्ड परीक्षा तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें और पूरी तरह से पाठ्यक्रम पर केंद्रित रहकर अध्ययन करें। उन्होंने केवल प्रमाणिक एवं आधिकारिक स्रोतों से ही प्रश्नों का अभ्यास करने की सलाह दी, जिससे आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नों में उलझने की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि अब समय निकालकर पढ़ाई करने की स्थिति नहीं है, बल्कि पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए अन्य कार्यों के लिए समय समायोजित करना चाहिए, क्योंकि बोर्ड परीक्षा नजदीक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पिछले तीन वर्षों के प्रश्नपत्र अनिवार्य रूप से हल करने तथा सीबीएसई द्वारा जारी सैंपल पेपर्स का अभ्यास करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आवेदन आधारित प्रश्नों (एप्लीकेशन बेस्ड कुएसशन्स) एवं परीक्षा के अंतराल में बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) की सघन तैयारी करने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई, समय प्रबंधन एवं परीक्षा रणनीति से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका चारु अग्रवाल ने सरल, स्पष्ट एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ संतोषजनक उत्तर दिया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान हुआ तथा उनमें आत्मविश्वास का संचार हुआ।

मौके पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक नेहा मित्तल, अनुप मित्तल, मयंक केजरीवाल एवं हितेन शर्मा उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के शैक्षणिक मार्गदर्शन कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *