
झरिया(JHARIA):मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आसर्फी हॉस्पिटल, धनबाद के सहयोग से स्वास्थ्य, दंत जांच एवं कैंसर जागरूकता शिविर का सफल आयोजन लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर, लाल बाजार, झरिया में किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में आसर्फी हॉस्पिटल से डॉ. जफ्फर राशिद (जनरल फिजिशियन) के नेतृत्व में चिकित्सा दल उपस्थित रहा, जिसमें दीपक मंडल, विवेक, जुलिता, ऋषि एवं महेश शामिल थे। चिकित्सकों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा कैंसर से संबंधित प्रारंभिक लक्षणों, समय पर जांच की आवश्यकता एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रधानाचार्य गौतम बनर्जी एवं विद्यालय के शिक्षकों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके कारण शिविर सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
शिविर के दौरान कुल 144 शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के संयोजक आशीष भूसानिया एवं निखिल खंडेलवाल, साथ ही गौतम अग्रवाल एवं हितेन शर्मा उपस्थित रहे। मंच पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य एवं कैंसर जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

