कार्यक्रम के अंतर्गत वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता भी आयोजित
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा तथा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं धूमधामपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम स्कूल, आज़ाद नगर, भागा में किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ आरंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा के पूर्व अध्यक्ष एवं बालिका विद्या मंदिर के सचिव गणेश अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने कहा – “मारवाड़ी युवा मंच सदैव ऐसे सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने वाले आयोजनों को प्राथमिकता देता है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष जैसे ऐतिहासिक अवसर पर बच्चों को मंच प्रदान करना हमारे लिए गर्व की बात है।”
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा,
“वंदे मातरम् के 150 वर्ष जैसे ऐतिहासिक अवसर पर बच्चों का जोश और देशभक्ति देखकर मन गर्व से भर गया। हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ाना है। मारवाड़ी युवा मंच आगे भी ऐसे सार्थक और प्रेरणादायी कार्यक्रम जारी रखेगा।”
प्रतियोगिता का मूल्यांकन एसडीएम स्कूल के निदेशक आर. पी. त्रिपाठी तथा प्रधानाचार्य अजित कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं प्राचार्य का पूरा सहयोग कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
पुरस्कार परिणाम:
- प्रथम पुरस्कार: शगुन और कनक
- द्वितीय पुरस्कार: अर्चना और परी सिंह
- तृतीय पुरस्कार: जयवर्धन, अखिल और अमन
सभी विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, शाखा सचिव दीपक अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक पूनम शर्मा, तथा बालिका विद्या मंदिर के सदस्य कुमार सौरव सहित मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों की मधुर एवं जोशपूर्ण प्रस्तुतियों से वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। संयोजक सुश्री पूनम शर्मा, मंच की टीम, विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षक-स्टाफ के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम अत्यंत अनुशासित, सौहार्दपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

