
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर रविवार, 9 नवम्बर 2025 को मनीष कोचिंग सेंटर, झरिया में विधि पाठ्यक्रमों पर करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानून की पढ़ाई तथा उससे जुड़े करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में एडवोकेट एवं शिक्षाविद् राशी बेहल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के विविध पहलुओं से अवगत कराते हुए विस्तारपूर्वक बताया कि जो विद्यार्थी स्नातक के बाद कानून की पढ़ाई करना चाहते हैं, वे तीन वर्षीय एल.एल.बी. कोर्स कर सकते हैं, जबकि 12वीं के बाद सीधे पाँच वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम (बी.ए. एल.एल.बी., बी.बी.ए. एल.एल.बी. आदि) में प्रवेश लेकर कानून की डिग्री प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को CLAT (कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट) एवं अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, पात्रता मानदंड और चयन की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। बेहल ने बताया कि विधि की पढ़ाई के बाद विद्यार्थी केवल वकालत तक सीमित नहीं रहते, बल्कि न्यायिक सेवा, कॉरपोरेट विधि, विधिक सलाहकार, मानवाधिकार, शिक्षण, अनुसंधान तथा सार्वजनिक नीति जैसे अनेक क्षेत्रों में सफल करियर बना सकते हैं।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने कानून की पढ़ाई और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अनेक प्रश्न पूछे, जिनका बेहल ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस प्रकार के आयोजनों की सराहना की।
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में सहभागिता हेतु पूर्व-पंजीकरण अनिवार्य रखा गया था। विद्यार्थियों ने निर्धारित व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के संयोजक हितेन शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को करियर चयन में सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मंच समय-समय पर ऐसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मंच के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

