
“The Science of Living” के सहयोग से 3 नवंबर से होगा शुभारंभ
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा “The Science of Living” के सहयोग से स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “14 डेज़ डेली योगा चैलेंज” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 3 नवंबर 2025 (सोमवार) से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम की खास बात यह है कि यह पूरी तरह नि:शुल्क एवं ऑनलाइन रहेगा, जिससे प्रतिभागी अपने घर से ही योगाभ्यास कर सकेंगे।
योग प्रशिक्षण का संचालन डॉ. नीरज अग्रवाल द्वारा किया जाएगा, जो सरकारी प्रमाणित योग प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक चिकित्सक हैं। वे पिछले 35 वर्षों से योग एवं नेचुरोपैथी के क्षेत्र में कार्यरत हैं तथा हज़ारों लोगों को योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ पहुँचा चुके हैं।
इस 14 दिवसीय योग चुनौती में प्रतिभागियों को अनेक लाभ प्राप्त होंगे, जिनमें —
शारीरिक दर्द व अकड़न से राहत, वसा नियंत्रण, शरीर में लचीलापन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, तनाव में कमी तथा बेहतर नींद शामिल हैं।
योग अभ्यास प्रतिदिन 45 मिनट का होगा और दो बैचों में संचालित किया जाएगा —
- बैच 1 (सुबह): 7:00 से 8:00 बजे तक
- बैच 2 (शाम): 7:00 से 8:00 बजे तक
संयोजक सनी अग्रवाल ने बताया कि “इस पहल का उद्देश्य समाज में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना है, ताकि लोग स्वस्थ, सक्रिय और मानसिक रूप से संतुलित रह सकें।”
वहीं शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि “योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव के बीच योग ही वह साधन है जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है। मंच का यह प्रयास न केवल एक स्वास्थ्य अभियान है, बल्कि एक सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में कदम है।”
इच्छुक प्रतिभागी https://youtube.thescienceofliving.in
पर जाकर नि:शुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

