मायुमं, झरिया शाखा एंव झरिया समृद्धि शाखा द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन…

मायुमं, झरिया शाखा एंव झरिया समृद्धि शाखा द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन…

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा रूबी जयंती वर्ष के अवसर पर मंच स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा (12 जनवरी से 26 जनवरी) का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े के अंतर्गत शाखा द्वारा समाजसेवा, स्वास्थ्य सेवा तथा धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वास्थ्य जांच शिविर एवं गौसेवा प्रमुख हैं।

इसी क्रम में 14 जनवरी 2026 को श्री झरिया–धनबाद गौशाला, बस्ताकोला परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य, दंत एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में असर्फी अस्पताल, धनबाद के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा आमजन की सामान्य स्वास्थ्य जांच किया जाएगा साथ ही दंत रोगों की जांच एवं परामर्श तथा नेत्र परीक्षण निःशुल्क किया जाएगा। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और नेत्र जांच शिविर झरिया समृद्धि शाखा के साथ संयुक्त तत्वावधान में लगाया जा रहा है।

निःशुल्क दंत जांच शिविर धनबाद डेंटल हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित होगा, जिसमें डॉ. विकाश कुमार (BDS एवं MDS), ओरल एवं डेंटल सर्जन अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। वहीं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर शार्प साइट आई हॉस्पिटल के सहयोग से आधुनिक उपकरणों के माध्यम से संपन्न किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 10:00 बजे से निर्धारित है।

इसके अतिरिक्त, एकादशी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 एवं 15 जनवरी 2026 को गौसेवा एवं तुला दान कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अपने भार के बराबर गौशाला हेतु अनाज, फल, सब्जी अथवा अन्य उपयोगी सामग्री का दान किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे से होगा। आयोजन स्थल श्री झरिया–धनबाद गौशाला, बस्ताकोला ही रहेगा।

मंच पदाधिकारियों के अनुसार तुला दान से न केवल जीवन की विपत्तियां टलती हैं, बल्कि सुख-समृद्धि का भी आगमन होता है। यह आयोजन गौमाता की सेवा के साथ-साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण का भी सशक्त संदेश देता है।

कार्यक्रमों के सफल संचालन में शाखा के संयोजकों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रहेगी। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने एवं गौसेवा में सहभागी बनने की अपील की है।

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित यह सेवा पखवाड़ा समाज के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता, संवेदना एवं सेवा-भाव का प्रभावी उदाहरण है। “सेवा ही संगठन की पहचान है” तथा “मानव सेवा एवं गौसेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है” के भाव को साकार करता यह आयोजन जनकल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हो रहा है।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *