
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा रूबी जयंती वर्ष के अवसर पर मंच स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा (12 जनवरी से 26 जनवरी) का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े के अंतर्गत शाखा द्वारा समाजसेवा, स्वास्थ्य सेवा तथा धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वास्थ्य जांच शिविर एवं गौसेवा प्रमुख हैं।
इसी क्रम में 14 एवं 15 जनवरी 2026 को श्री झरिया–धनबाद गौशाला, बस्ताकोला परिसर में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर झरिया समृद्धि शाखा के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
शिविर में असर्फी अस्पताल, धनबाद के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा आमजन की सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान कुल 106 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 24 मरीजों के निःशुल्क ओपीडी कार्ड बनाए गए, जिससे वे असर्फी अस्पताल, धनबाद में विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
निःशुल्क नेत्र जांच शिविर शार्प साइट आई हॉस्पिटल के सहयोग से आधुनिक उपकरणों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें 98 लोगों की नेत्र जांच की गई। वहीं निःशुल्क दंत जांच शिविर धनबाद डेंटल हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें डॉ. विकास कुमार (BDS, MDS), ओरल एवं डेंटल सर्जन, द्वारा 54 लोगों की दंत जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क मेडिकेटेड टूथपेस्ट भी वितरित किया गया।
इसके अतिरिक्त, एकादशी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 एवं 15 जनवरी 2026 को गौसेवा एवं तुला दान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा अपने भार के बराबर अनाज, फल, सब्जी एवं अन्य उपयोगी सामग्री का दान गौशाला हेतु प्रदान किया गया। आयोजन स्थल झरिया–धनबाद गौशाला, बस्ताकोला ही रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शाखा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, समृद्धि शाखा अध्यक्ष जया अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक नीरज अग्रवाल, मयंक केजरीवाल, गौतम अग्रवाल, यश अग्रवाल, चैतन्य अग्रवाल सहित पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, दिनेश शर्मा, निशा अग्रवाल, शिल्पा झुंझुनवाला, अर्चना अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, नूपुर अग्रवाल, अनु अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। मारवाड़ी युवा मंच ने क्षेत्रवासियों से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सहभागिता की अपील की।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

