पटना(PATNA): बिहार की महिला उद्यमियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब योग्य महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 2 लाख रुपये तक की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
सरकार के अनुसार, जिन महिलाओं को पहले चरण में 10 हजार रुपये मिल चुके हैं और जिन्होंने उस राशि से रोजगार शुरू किया है, उनका 6 महीने बाद आकलन किया जाएगा। आकलन पूरा होते ही योग्य महिला उद्यमियों को दूसरी किस्त की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए महिला को अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
दूसरी किस्त की शर्तें
पहली किस्त (10 हजार रुपये) का सही उपयोग रोजगार में हुआ हो
व्यवसाय सक्रिय रूप से चल रहा हो
आकलन रिपोर्ट संतोषजनक हो
अच्छा रोजगार होने पर एकमुश्त राशि भी दी जा सकती है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। चयनित लाभुकों को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी और शेष आवेदकों को भी नियमानुसार लाभ मिलेगा।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग की व्यवस्था की जाए। महिलाओं को दीदी की रसोई, पोशाक निर्माण, सुधा बिक्री केंद्र जैसे सरकारी कार्यों से जोड़ा जाएगा। अब तक 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। शेष पात्र महिलाओं को भी जल्द डीबीटी के माध्यम से राशि दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा, परिवार की आय बढ़ेगी और बिहार से बाहर रोजगार की तलाश कम होगी।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

