नारी स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 11 महिलाएँ बनीं आत्मनिर्भर
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित नारी स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत संचालित 5 दिवसीय सेनेटरी पैड निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 फरवरी को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन समारोह आज गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
समारोह में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक पूनम शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, अतिथि आबदा परवीन, प्रशिक्षक नीतू देवी, यश अग्रवाल तथा चैतन्य अग्रवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 11 महिलाओं एवं बालिकाओं को सेनेटरी पैड निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों में चांदनी देवी, किरण कुमारी, शोभा देवी, रोशन, सुमन देवी, चुन्नी बेगम, अन्ना चटर्जी, उर्मिला देवी, सुनीता कुमारी, अनीता देवी तथा प्रमिला देवी शामिल रहीं।
समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षुओं को “प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र” प्रदान किया गया। विशेष उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी प्रतिभागियों को साईं एंटरप्राइजेज, झरिया में कार्य हेतु नियुक्त कर लिया गया है। इससे महिलाओं को कौशल के साथ-साथ स्वावलंबन का अवसर प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम संयोजक पूनम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनती हैं, तभी परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
यह पहल महिला स्वावलंबन की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

