धनबाद(DHANBAD): धनबाद के मनाईटांड़ स्थित छठ तालाब के पास सांसद मद से बनी पीसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को झामुमो केंद्रीय सदस्य नीलम मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर सड़क का जायजा लिया और निर्माण कार्य में कई खामियां सामने आने का दावा किया।
नीलम मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान बताया कि सड़क का कुछ हिस्सा मानक के अनुरूप बना है, लेकिन कई हिस्सों में ऊंचाई महज डेढ़ इंच तक रखी गई है, जबकि इसे कम से कम 4 इंच होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है। 24 घंटे बीतने के बावजूद सड़क अभी भी भुरभुरी है और हल्के दबाव से टूट जा रही है।
नीलम मिश्रा ने इसे ठेकेदार की गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे उपायुक्त से मिलकर आवेदन सौंपेंगी और सड़क की गुणवत्ता की जांच की मांग करेंगी।
स्थानीय निवासियों ने भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लगभग 37 साल बाद यह सड़क बनाई गई है, लेकिन निर्माण की स्थिति पहली ही नजर में खराब दिख रही है। लोगों ने बताया कि छठ पूजा और दुर्गा पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालु इसी सड़क से होकर तालाब पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की खराब गुणवत्ता से यह ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह कि रिपोर्ट

