मतपेटी जमा के दौरान ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, शाम 5 बजे से बेकारबांध–बिनोद बिहारी चौक मार्ग नो-एंट्री….

मतपेटी जमा के दौरान ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, शाम 5 बजे से बेकारबांध–बिनोद बिहारी चौक मार्ग नो-एंट्री….

धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद सोमवार, 23 फरवरी 2026 की शाम 5 बजे से शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव लागू कर दिए गए हैं। मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से जमा कराने के लिए बाबूडीह स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक को रिसीविंग सेंटर बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतपेटी जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने तक आम वाहनों के लिए कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा।

ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह के अनुसार, शाम 5 बजे से बिनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबांध चौक तक केवल चुनाव ड्यूटी में लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी। इस रूट पर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। झरिया, बैंक मोड़ और सरायढेला से आने वाली पोलिंग पार्टियों के वाहन भी निर्धारित रूट से होते हुए बिनोद बिहारी महतो चौक के रास्ते ही रिसीविंग सेंटर पहुंचेंगे।

प्रशासन ने वाहनों के प्रवेश और निकास का भी स्पष्ट प्रावधान किया है। सभी चुनावी वाहनों का प्रवेश बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से होगा, जबकि निकास बेकारबांध चौक की दिशा में सुनिश्चित किया गया है। पोलिंग पार्टियों के वाहनों की पार्किंग राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में निर्धारित की गई है और सड़क पर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

बेकारबांध से पॉलिटेक्निक के बीच जिन लोगों का आवास या प्रतिष्ठान है, उन्हें विशेष परिस्थिति में पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सहयोग करें, अनावश्यक भीड़ से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि मतपेटियों को सुरक्षित और सुचारु रूप से जमा कराया जा सके।

चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए की गई है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *