मड़वाडी समाज ने सड़क दुर्घटना में मारे गए बेगुनाह निखिल के लिए मांगा न्याय..DC- SSP को सौंपा ज्ञापन…

मड़वाडी समाज ने सड़क दुर्घटना में मारे गए बेगुनाह निखिल के लिए मांगा न्याय..DC- SSP को सौंपा ज्ञापन…

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार, कार रेसिंग और नशे में वाहन चलाने की लापरवाही ने 27 वर्षीय होनहार युवक निखिल मोदी की जिंदगी छीन ली। यह हादसा सिर्फ एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति नहीं है, बल्कि पूरे समाज की आत्मा को झकझोर देने वाला सच बनकर सामने आया है।

घटना 21 दिसंबर 2025 की है, जब धनबाद जिले में कार रेसिंग कर रहे नशे में धुत युवकों की लापरवाही का शिकार होकर निखिल मोदी गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 9 दिनों तक अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार निखिल यह जंग हार गए। उनके निधन के साथ ही एक मां की ममता, एक पिता के सपने और एक परिवार की सारी उम्मीदें टूटकर बिखर गईं। पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा किसी भी सूरत में सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं कहा जा सकता। यह आपराधिक लापरवाही, गैर-जिम्मेदाराना हरकत और कानून की खुली अवहेलना का नतीजा है। तेज गति से रेसिंग कर रही कारों ने सड़क किनारे खड़े निखिल मोदी को बेरहमी से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अंततः उनकी जान चली गई।

इस हृदयविदारक घटना को लेकर धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने प्रशासन के समक्ष कड़ा रुख अपनाया है। सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने उपायुक्त को पत्र लिखकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष व पारदर्शी जांच और मोटर वाहन अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता की कठोर धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नशे में वाहन चलाने, कार रेसिंग और तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त प्रशासनिक कदम उठाने की अपील की गई है।

इसी कड़ी में आज मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त आदित्य रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया, वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बरवाअड्डा थाना को फोन कर 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस आश्वासन के बाद समाज को कुछ उम्मीद की किरण जरूर दिखी है।

मारवाड़ी सम्मेलन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस मामले में शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो समाज को मजबूरन शांतिपूर्ण जन-आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *