रांची(RANCHI) : झारखंड सरकार के नगर विकास, खेलकूद, पर्यटन और उच्च शिक्षा तकनीकी मंत्री सुदिव्य कुमार ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और राज्य के गौरव महेंद्र सिंह धोनी से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात रांची में हुई, जहां दोनों के बीच राज्य में खेल और पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर रचनात्मक चर्चा हुई। मंत्री सुदिव्य कुमार ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने, खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
धोनी, जो खुद झारखंड से हैं और जिनकी पहचान विश्व क्रिकेट में एक प्रेरणा के रूप में है, ने राज्य में खेल की जमीनी हकीकत और युवा प्रतिभाओं की चुनौतियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने सरकार के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यदि खेल और पर्यटन को सही दिशा मिले, तो झारखंड देशभर में एक मॉडल राज्य बन सकता है।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद झारखंड में खेल और पर्यटन से जुड़े कई नई योजनाओं पर काम शुरू हो सकता है। युवाओं में भी इस भेंट को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे राज्य में सकारात्मक बदलाव आएगा।
NEWSANP के लिए रांची से विनोद सिंह की रिपोर्ट

