
धनबाद(DHANBAD): मंगलवार देर शाम हुए भीषण भू-धंसान और तीन लोगों की मौत के बाद टांडाबाड़ी बस्ती में ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। बुधवार को स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब गुस्साए ग्रामीणों ने बीसीसीएल (BCCL) अधिकारियों पर पथराव कर दिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर बाद बीसीसीएल के डायरेक्टर टेक्निकल (DT), कोल इंडिया के डीटी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे थे। उनके साथ गोविंदपुर एरिया के महाप्रबंधक (GM) भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही कोल इंडिया और बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारी वहां से रवाना हुए, ग्रामीणों का गुस्सा जीएम पर फूट पड़ा और उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में महाप्रबंधक को चोटें आई हैं, हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बिगड़ते हालात को देखते हुए सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और महाप्रबंधक को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला..
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

