धनबाद(DHANBAD): भूली रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान भूली ए ब्लॉक निवासी 75 वर्षीय कामता प्रसाद सिंह की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह भूली हाल्ट के समीप अप लाइन पोल संख्या 274/19 के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि कामता प्रसाद सिंह अपने गांव औरंगाबाद जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी दोनों ट्रैक पर एक साथ ट्रेन आ गई। स्थानीय लोगों ने आवाज लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रेन उन्हें अपनी चपेट में ले चुकी थी।
कामता प्रसाद सिंह एक सेवानिवृत्त सरकारी स्कूल शिक्षक थे। उनके परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूटा था—कुछ साल पहले दिल्ली में बड़े बेटे की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी, जबकि छोटे बेटे का निधन मॉर्निंग वॉक के दौरान हो गया था। अब उनके परिवार में छोटे बेटे की पत्नी, एक बेटा और एक बेटी ही बचे हैं, जिनका भरण-पोषण वे ही कर रहे थे।
घटना की सूचना पर जीआरपी और गोनूडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमसीएच भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से परिवार सदमे में है, जबकि इलाके में शोक का माहौल है।
NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

